रायपुर, 12 सितंबर। राजधानी रायपुर के करीब 5 लाख से ज्यादा लोग शुक्रवार 13 सितंबर की सुबह पानी की किल्लत झेलेंगे। नगर निगम ने बताया कि भाठागांव चौक स्थित 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जुड़ी मेन पाइपलाइन में लीकेज की वजह से मरम्मत का काम किया जाएगा। इसके लिए 10 घंटे का शटडाउन लिया गया है।
नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक, मरम्मत कार्य 12 सितंबर की रात से शुरू होगा। इस कारण 13 सितंबर की सुबह 150 एमएलडी और 80 एमएलडी प्लांट से भरने वाली 32 टंकियों से सप्लाई बाधित रहेगी। हालांकि, शुक्रवार शाम से पानी की सप्लाई सामान्य रूप से शुरू कर दी जाएगी।
निगम का कहना है कि शहर की एक टंकी से औसतन 4 से 4.5 हजार नल कनेक्शन जुड़े हैं। इस तरह 32 टंकियों से जुड़े लगभग 1.44 लाख कनेक्शन और 5 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित होंगे। जल कार्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का स्टॉक पहले से कर लें और पानी की बर्बादी न करें।
इन इलाकों में पानी की सप्लाई रहेगी बंद
भाठागांव, मोवा, चंगोराभाठा, सड्डू, कुशालपुर, दलदल सिवनी, डीडी नगर, रामनगर, कचना, सरोना, ईदगाहभाठा, आमासिवनी, टाटीबंध, देवपुरी, कोटा, बोरियाखुर्द, कबीर नगर, जोरा, जरवाय, भनपुरी, गोगांव, नया रायपुरा, मठपुरैना, कुकुरबेड़ा, लालपुर, बैरन बाजार, अमलीडीह, देवेंद्र नगर, अवंति विहार, संजय नगर, मण्डी और मोतीबाग़।
