नाबालिग को दोस्त और उसकी मां ने देह व्यापार में धकेला, रायगढ़ में बंधक बनाकर शराब पिलाई, पुलिस ने गिरोह का पर्दाफाश किया

बिलासपुर। घरेलू विवाद के बाद घर छोड़कर दोस्त के पास पहुंची एक नाबालिग लड़की को उसकी ही सहेली और उसकी मां ने जबरन देह व्यापार में धकेल दिया। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने पीड़िता को सुरक्षित बरामद कर लिया है और इस गंदे धंधे में शामिल मुख्य आरोपी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि सरकंडा इलाके की 16 वर्षीय नाबालिग 9वीं तक पढ़ाई छोड़कर घरेलू काम करती थी। 8 अगस्त को घर में विवाद के बाद वह घर छोड़कर चली गई। काफी खोजबीन के बाद भी जब बेटी का पता नहीं चला तो परिजनों ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

रायगढ़ में बंधक बनाकर कराया देह व्यापार
जांच में खुलासा हुआ कि लड़की अपनी सहेली के पास पहुंची थी। वहीं से उसकी सहेली और उसकी मां उसे बहला-फुसलाकर रायगढ़ ले गईं। वहां उसे कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाई और अलग-अलग युवकों के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। इंकार करने पर बेरहमी से मारपीट की जाती थी।

गिरोह का खुलासा, चार गिरफ्तार
पीड़िता ने बताया कि लिंगियाडीह निवासी कालिका तिवारी और उसकी नाबालिग बेटी ने इस साजिश में साथ दिया। वहीं रायगढ़ का विकास उर्फ विक्की भोजवानी इस धंधे का मुख्य सरगना है। विक्की पहले भी पीटा एक्ट के तहत जेल जा चुका है। पुलिस ने विक्की, कालिका तिवारी, उसकी बेटी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

और भी आरोपी पुलिस के रडार पर
पुलिस के मुताबिक, रायगढ़ के अन्य आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं। विक्की से पूछताछ कर गिरोह के बाकी सदस्यों की जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही उनकी भी गिरफ्तारी होगी।