रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट 16 सितंबर से तीन दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। वे रायगढ़ से भिलाई तक चलने वाले ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ अभियान की अगुवाई करेंगे। इस दौरान प्रदेश के कई जिलों में पदयात्रा, सभाएं और बैठकें होंगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि देशभर में मतदाता सूची में गड़बड़ियों और चुनाव की निष्पक्षता की मांग को लेकर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत 16 सितंबर को रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान और सभा से होगी। इसी दिन कोरबा में मशाल रैली निकाली जाएगी।
तीन दिन का कार्यक्रम इस प्रकार रहेगा
16 सितंबर : रायगढ़ में हस्ताक्षर अभियान और सभा, कोरबा में मशाल रैली।
17 सितंबर : तखतपुर, मुंगेली और बेमेतरा में पदयात्रा व जनसभाएं।
18 सितंबर : राजनांदगांव, दुर्ग और भिलाई में कार्यक्रमों के जरिए अभियान का समापन।
सचिन पायलट 16 सितंबर को दोपहर 2.30 बजे झारसुगड़ा हवाई अड्डे पहुंचेंगे और वहां से रायगढ़ के लिए रवाना होंगे।
समापन में जुटेंगे दिग्गज
अभियान के अंतिम दिन भिलाई में होने वाले समापन कार्यक्रम में प्रदेश के बड़े नेताओं की मौजूदगी रहेगी। इसमें सचिन पायलट के साथ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उप मुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे।
इससे पहले 9 सितंबर को बिलासपुर में हुई ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ सभा में कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आई थी। पूर्व मंत्री डहरिया ने कार्यकर्ताओं को ‘चमचा’ कहे जाने पर आपत्ति जताई थी, वहीं भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव पर भी इशारों-इशारों में तंज कसे गए थे।
