भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टीम इंडिया के लिए नया स्पॉन्सर चुन लिया है। अब अपोलो टायर्स भारतीय क्रिकेट टीम का नया आधिकारिक स्पॉन्सर होगा। कंपनी ने इसके लिए 2027 तक का करार किया है। इस दौरान भारत कुल 130 इंटरनेशनल मैच खेलेगा।
BCCI के एक अधिकारी ने मंगलवार को PTI को बताया कि अपोलो टायर्स के साथ समझौता हो चुका है और इसकी आधिकारिक घोषणा जल्द की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, अपोलो टायर्स हर मैच पर लगभग 4.5 करोड़ रुपए खर्च करेगा। यह राशि पिछले स्पॉन्सर ड्रीम-11 की तुलना में अधिक है, जो प्रति मैच 4 करोड़ रुपए दे रहा था।
क्यों टूटा ड्रीम-11 का कॉन्ट्रैक्ट
ड्रीम-11 ने 2023 में 358 करोड़ रुपए में तीन साल का स्पॉन्सरशिप कॉन्ट्रैक्ट किया था। लेकिन सरकार के ऑनलाइन गेमिंग एक्ट, 2025 लागू होने के बाद रियल-मनी गेमिंग प्लेटफॉर्म्स पर बैन लगा दिया गया। इसके चलते ड्रीम-11 और BCCI का करार समय से पहले ही खत्म हो गया।
एशिया कप में बिना स्पॉन्सर खेली टीम इंडिया
ड्रीम-11 का करार खत्म होने के बाद भारतीय टीम एशिया कप में बिना स्पॉन्सरशिप वाली जर्सी के साथ मैदान पर उतरी। इससे पहले मार्च 2023 तक BYJU’S टीम इंडिया का लीड स्पॉन्सर था। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में भी खिलाड़ी बिना स्पॉन्सर वाली जर्सी में खेले थे।
BCCI का टेंडर और नियम
BCCI ने 2 सितंबर को स्पॉन्सरशिप टेंडर जारी किए थे। इसके तहत शराब, तंबाकू, सट्टेबाजी, रियल-मनी गेमिंग, क्रिप्टोकरेंसी और पोर्नोग्राफी जैसी कंपनियों को बोली प्रक्रिया से बाहर रखा गया।
