रायपुर/बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ यात्रा का आज दूसरा दिन है। प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने यात्रा की शुरुआत रतनपुर स्थित महामाया देवी मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना से की। इसके बाद वे बेलतरा, तखतपुर, मुंगेली और बेमेतरा में पदयात्रा और जनसभाओं को संबोधित करेंगे।
वोट चोरी के नमूने पेश करेगी कांग्रेस
कांग्रेस ने मतदाता सूची का परीक्षण कर बेलतरा विधानसभा चुनाव में हुए आंकड़े जुटाए हैं। पार्टी का कहना है कि इन्हीं आंकड़ों के आधार पर वोट चोरी के नमूने जनता के सामने रखे जाएंगे।
पायलट ने लगाए चुनाव आयोग पर आरोप
एक दिन पहले रायगढ़ से यात्रा की शुरुआत करते हुए सचिन पायलट ने आरोप लगाया था कि चुनाव आयोग ने मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी की है। “एक ही घर में 100 से 150 वोटर दर्ज किए गए। जिंदा लोगों को मृत बताया गया। जब डेटा मांगा गया तो आयोग ने देने से इनकार कर दिया,” पायलट ने कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस वोट चोरी को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी।
हफ्तेभर में दूसरा बड़ा कार्यक्रम
कांग्रेस का एक हफ्ते में यह दूसरा बड़ा कार्यक्रम है, जिसमें सचिन पायलट शामिल हो रहे हैं। इससे पहले 9 सितंबर को पायलट ने बिलासपुर से ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान का आगाज किया था।
