सक्ती जिले में सनसनीखेज वारदात: फ्री में शराब मांगने पर दुकानदार ने सुहागा पिलाकर दो युवकों की ली जान

सक्ती। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में दो युवकों की मौत का मामला जहरीली शराब से नहीं बल्कि सोची-समझी साजिश से जुड़ा निकला। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि गांव करही में अवैध शराब बेचने वाला भोला टंडन उर्फ सुरेंद्र (25) ने फ्री में शराब मांगने से परेशान होकर अपने ही चचेरे भाई अनिल टंडन (35) की मदद से सुहागा पिलाकर दोनों की हत्या कर दी।

पुलिस ने बताया कि मृतक सूरज यादव और मनोज कश्यप 15 सितंबर को बेहोशी की हालत में मिले थे। पास से शराब की बोतल भी बरामद हुई थी। परिजन उन्हें इलाज के लिए सारंगढ़ के निजी अस्पताल ले गए, जहां आधे घंटे के भीतर दोनों की मौत हो गई। शुरुआती आशंका जहरीली शराब की थी, लेकिन जांच में मामला अलग निकला।

दरअसल, आरोपी भोला टंडन गांव में ब्लैक में शराब बेचता था। मृतक युवक रोज उससे फ्री में शराब मांगते थे और न देने पर पुलिस को सूचना देने की धमकी देते थे। इससे तंग आकर भोला ने अपने चचेरे भाई से सुहागा मंगवाया। अनिल सुनार के पास गया और खुद को बैगा बताकर सुहागा ले आया। इसके बाद इसे शराब में मिलाकर दोनों युवकों को पिला दिया गया।

वारदात के बाद आरोपी भोला ने अपना मोबाइल सिम तक तोड़कर फेंक दिया था ताकि पुलिस तक कोई सुराग न पहुंचे। हालांकि, पुलिस की सख्ती से पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया और चचेरे भाई अनिल का नाम भी सामने आया।

बिर्रा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ धारा 103 (1) BNS, 61(2), 123 BNS के तहत केस दर्ज किया। मंगलवार को कोर्ट में पेश करने के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।