रायपुर। राजधानी में देर रात तक खुले रहने वाले होटल, क्लब और ढाबों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर 18 संस्थानों के खिलाफ पंचनामा तैयार कर जिला प्रशासन और नगर निगम को भेजा गया है। अब इनका आबकारी और गुमास्ता लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
दरअसल, हाल ही में न्यूड पार्टी कॉन्सेप्ट का खुलासा होने के बाद पुलिस ने सख्ती बरतते हुए 15 सितंबर की रात एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (एसीसीयू) की मदद से 15 से अधिक टीमों के जरिए छापेमारी की।
इस दौरान तेलीबांधा का हाइपर क्लब, शीतल इंटरनेशनल का जूक पब, मोका बार एंड रेस्टोरेंट, होटल फ्लोरेंस, सिमर्स बार, नवा रायपुर का आईपी क्लब और पियानो क्लब शैमरॉक गार्डन देर रात तक खुले मिले। पुलिस ने बताया कि यहां ग्राहकों को अवैध तरीके से शराब भी परोसी जा रही थी।
इसी तरह कई ढाबे और रेस्टोरेंट भी तय समय सीमा के बाद संचालित होते पाए गए। इनमें एमपी किचन जोरा, शेफ किचन मरीन ड्राइव, स्नो बेरी आईलैंड मरीन ड्राइव, ढाबा शाबा विधानसभा, प्रिंस ढाबा विधानसभा और राजू ढाबा विधानसभा शामिल हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ भी कार्रवाई कर नगर निगम को गुमास्ता लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नियमों का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।
वाहन चालकों पर भी शिकंजा
लेट नाइट कार्रवाई के दौरान रायपुर पुलिस ने शहर में घूमने वाले वाहन चालकों की भी जांच की। सरप्राइज चेकिंग में बीते 15 दिनों के भीतर 91 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर प्रकरण कोर्ट भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में भी सख्त निगरानी जारी रहेगी।
