रायपुर, 19 सितंबर 2025: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी एक बड़ी कार्रवाई में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। यह सभी आरोपी राज्य की प्रतिष्ठित प्रशासनिक परीक्षा में गड़बड़ी करने के मामले में संलिप्त पाए गए हैं। गिरफ्तार किए गए लोगों में सीजीपीएससी की पूर्व परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक, रिटायर्ड आईएएस अधिकारी और आयोग के पूर्व सचिव जीवन किशोर ध्रुव, उनका बेटा सुमित ध्रुव, निशा कोसले और दीपा आदिल शामिल हैं।
सीबीआई ने इन सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार सुमित ध्रुव हाल ही में डिप्टी कलेक्टर के पद पर चयनित हुआ था, जिससे परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, यह घोटाला पीएससी की लिखित परीक्षा और इंटरव्यू प्रक्रिया में मिलीभगत और अनियमितता से जुड़ा हुआ है। CBI को इस मामले में पहले से कई शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके बाद विस्तृत जांच के बाद इन गिरफ्तारियों को अंजाम दिया गया।
