हौसलों से ही जीत होती है और हौसले से ही आगे बढ़ते है : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
सफल उद्यमियों के मार्गदर्शन से युवाओं के सपने होंगे साकार : डिप्टी सीएम अरुण साव
युवा नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले बने : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
रायपुर 20 सितम्बर 2025 : उप मुख्यमंत्री अरुण साव आज पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम रायपुर में कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्रीज (CII) छत्तीसगढ़ एवं यंग इंडिया की ओर से आयोजित युवा उत्सव 4.0 में शामिल हुए। कार्यक्रम में श्री साव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि, सीआईआई के इस प्रयास से छत्तीसगढ़ के युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा एवं उचित मार्गदर्शन मिलेगा, वे नौकरी करने की सोच से आगे बढ़कर अन्य लोगों को भी नौकरी देने वाले बनेंगे। साथ ही सफल उद्यमियों के मार्गदर्शन से युवाओं को अपने सपने साकार करने में मदद मिलेगी।
श्री साव ने युवाओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा सीआईआई और यंग इंडिया का यह आयोजन जीवन में परिवर्तन लाने वाला है, जीवन को बदलने वाला है। उन्होंने कई स्टार्टअप्स का उदाहरण देते हुए कहा कि, देश के उत्साही युवाओं ने अपनी कड़ी मेहनत से करोड़ों का टर्नओवर खड़ा किया है। वे हजारों लोगों को नौकरी देने वाले बने हैं। आज आप पढ़ाई के दौरान दूसरों पर आश्रित है, और इसके बाद आप सफल होकर दूसरों के लिए आदर्श बनेंगे। लेकिन ये मुकाम हासिल करने के लिए आपकी सोच बड़ी होनी चाहिए।
श्री साव ने कहा कि, सफल लोग कोई बाहर से नहीं आए हैं, यहीं जन्मे और आगे बढ़े है। आप भी ऐसा कर सकते हैं। दूसरों से प्रेरणा लेकर सफल हो सकते हैं। हौसलों से ही जीत होती है और हौसले से ही आगे बढ़ते है। मुझे विश्वास है कि, एक दिन आप देश और दुनिया में छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने परिसर में युवाओं द्वारा अपनी स्टार्टअप्स की जानकारी देने के लिए लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन किया, उनके इस प्रयास की सराहना की एवं सभी को सफलता की अग्रिम बधाई दी।
इस अवसर पर सीआईआई छत्तीसगढ़ अध्यक्ष श्री संजय जैन जी, उपाध्यक्ष श्री बजरंज गोयल जी, यंग इंडिया के अध्यक्ष श्री गौरव अग्रवाल जी, स्वेता जी एवं सीआईआई के सभी पदाधिकारीगण, शिक्षकगण एवं युवा साथी उपस्थित रहे।
…….. …….
