रायपुर में 20-21 सितम्बर को होगा चौथा हिंद युग्म उत्सव 2025 100 से अधिक साहित्यकार होंगे शामिल, केंद्र में होंगे विनोद कुमार शुक्ल

रायपुर। राजधानी रायपुर पहली बार देश के सबसे अनोखे और चर्चित साहित्यिक आयोजन हिंद युग्म उत्सव का साक्षी बनने जा रहा है। 20 और 21 सितंबर को पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में दो दिवसीय हिंद युग्म उत्सव 2025 का चौथा संस्करण आयोजित होगा, जिसमें देशभर से करीब 100 लेखक, साहित्यकार और कलाकार शामिल होंगे।

यह आयोजन विशेष रूप से हिंदी के वरिष्ठ साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल को केंद्र में रखकर किया जा रहा है। आयोजन के दौरान उनके ऊपर बनी डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की जाएगी और पिछले छह माह में उनकी पुस्तकों की बिक्री से मिली 30 लाख रुपए की रॉयल्टी उन्हें ससम्मान दी जाएगी।

उत्सव की प्रमुख झलकियां:

नामचीन साहित्यकारों व लेखकों के साथ संवाद।

राहगीर, फैसल मलिक (पंचायत फेम), दिव्य प्रकाश दुबे, नीलोत्पल मृणाल जैसे चर्चित नामों से रूबरू होने का मौका।

ओपन माइक – “छत्तीसगढ़: मंच खुला है”, जिसमें 200 से अधिक नई प्रतिभाएँ प्रस्तुति देंगी।

किताबों की दुनिया पर परिचर्चाएँ, नई किताबों का लोकार्पण और कवर रिलीज।

बच्चों और बड़ों के लिए टेराकोटा, पेंटिंग, क्राफ्ट जैसी कार्यशालाएँ।

संगीतमय शाम, स्टैंड-अप कॉमेडी और स्टोरीटेलिंग सत्र।

आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (AI) पर विशेष प्रस्तुति।

छत्तीसगढ़ी संस्कृति की झलक – लोकनृत्य, लोकगायन, हस्तशिल्प, फूड स्टॉल और हैंडलूम-हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी।

हिंद युग्म उत्सव को देश का एकमात्र घुमंतू साहित्य उत्सव माना जाता है। इसके पहले तीन संस्करण क्रमशः बाड़मेर, वाराणसी और भोपाल में सफलतापूर्वक आयोजित हो चुके हैं। इस बार इसे अभिकल्प फाउंडेशन और संज्ञा पीआर के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर में आयोजित किया जा रहा है।

आयोजन के संस्थापक शैलेश भारतवासी का कहना है कि हिंदी साहित्य और किताबों की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है और इसी उत्सव के माध्यम से पाठक और लेखक एक साझा मंच पर आकर साहित्य, कला और संस्कृति का उत्सव मनाते हैं।