कोंडागांव। जिले के बड़ेराजपुर ब्लॉक के ग्राम रावसवाही में शनिवार की शाम कबड्डी मैच के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। खेल के बीच अचानक आए तेज आंधी-तूफान से मैदान में लगा टेंट उड़कर 11 केवी बिजली तार से टकरा गया। करंट की चपेट में आने से तीन ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कबड्डी मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मैदान में मौजूद थे। इसी दौरान मौसम अचानक बदला और तेज आंधी-तूफान से टेंट बिजली लाइन से टकरा गया। करंट प्रवाहित होते ही अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत विश्रामपुरी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो की हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान सतीश कुमार नेताम (24) निवासी गरांजीडीही, श्याम नेताम (25) निवासी पांडे पारा, और सुनील शोरी (25) निवासी बांसकोट के रूप में हुई है। वहीं घायलों में शिवम दास (16) निवासी बांसकोट और सुविलाल मरकाम (25) निवासी रावसवाही शामिल हैं। दोनों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
