छत्तीसगढ़: कोयला और शराब घोटाले में ACB-EOW की बड़ी कार्रवाई, रायपुर-अकलतरा सहित कई ठिकानों पर छापे

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोयला और शराब घोटाले को लेकर ACB और आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की कार्रवाई लगातार तेज हो गई है। रविवार को कोयला घोटाले मामले में रायपुर और अकलतरा में दबिश दी गई। वहीं शराब घोटाले की जांच में EOW की टीम ने राजधानी रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग में छापेमारी की है।

जानकारी के अनुसार, शराब घोटाले मामले में EOW ने रायपुर के देवनगरी इलाके स्थित एक शराब कारोबारी के घर सहित तीन अन्य ठिकानों पर दबिश दी है। टीम मौके पर दस्तावेजों की जांच कर रही है और कई अहम कागजात जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, बिलासपुर और दुर्ग में भी कार्रवाई जारी है।

इधर, कोयला घोटाले से जुड़े मामले में ACB-EOW की टीम ने रायपुर और अकलतरा के कुछ अधिकारियों और कारोबारियों के ठिकानों पर छापा मारा है। टीम ने यहां से कई फाइलें और रिकॉर्ड खंगाले हैं।

2 दिन पहले ED की छापेमारी

दो दिन पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी कार्रवाई करते हुए भिलाई के हुडको और तालपुरी स्थित राइस मिलर सुधाकर राव के घर पर छापा मारा था। आरोप है कि सुधाकर राव की संलिप्तता घोटाले में सामने आई है। फर्जी बिल, बढ़े हुए बिलों के जरिए कमीशन और अवैध भुगतान कराने का शक जताया गया है।