जांजगीर-चांपा : बॉलीवुड फिल्म “ड्रीम गर्ल” से प्रेरणा लेकर छत्तीसगढ़ के एक युवक ने ठेकेदार को झांसा देकर 25 लाख रुपए की ठगी कर डाली। आरोपी ने फेसबुक पर खुद को महिला बताकर ‘हैलो, मैं पूजा बोल रही हूं’ कहकर ठेकेदार से इमोशनल कनेक्शन बनाया और धीरे-धीरे भारी रकम ठग ली। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।
महिला बनकर रचाया जाल
जानकारी के अनुसार, आरोपी करण साहू (29 वर्ष), बलौदाबाजार जिले के भाटापारा वार्ड क्रमांक-1 का निवासी है। वर्ष 2023 में करण ने फेसबुक पर ‘पूजा साहू’ नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाई और ठेकेदार दीपक को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी। दीपक ने रिक्वेस्ट स्वीकार की, जिसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
धीरे-धीरे करण ने खुद को एक संवेदनशील, जरूरतमंद लड़की के रूप में पेश किया। वॉट्सऐप और कॉल्स पर लगातार बातचीत के माध्यम से आरोपी ने ठेकेदार को अपने जाल में फंसा लिया।
MBBS में एडमिशन से लेकर माता-पिता की तबीयत तक के बहाने
पूजा बनकर आरोपी ने कभी खुद के MBBS में एडमिशन, कभी बहन की फीस, तो कभी माता-पिता की बीमारी का बहाना बनाकर दीपक से पैसों की मांग की। भावनात्मक रूप से जुड़े ठेकेदार ने कई बार आरोपी के खातों में बैंक ट्रांसफर और PhonePe के जरिए पैसे भेजे। कुल मिलाकर ₹25 लाख की ठगी हो गई।
इस दौरान ठेकेदार दीपक ने अपनी मां के गहने तक बेच दिए, और कई लोगों से उधार लेकर पैसे भेजे।
सच का हुआ खुलासा
लगातार पैसों की मांग से दीपक को शक हुआ। उसने मोबाइल नंबर और बैंक अकाउंट की जांच करवाई, जिसमें सामने आया कि ‘पूजा’ नाम की कोई लड़की नहीं है, बल्कि असली नाम करण साहू है। ठगी का एहसास होते ही दीपक ने अकलतरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
फिल्म देखकर आया आइडिया, जुए में उड़ा दिए पैसे
पुलिस जांच में आरोपी करण ने स्वीकार किया कि उसे जुए की लत है और इसी कारण परिवार ने घर से निकाल दिया था। इसी दौरान उसने फिल्म “ड्रीम गर्ल” देखी, जिससे उसे लड़की बनकर ठगी करने का आइडिया आया।
करण ने ठगी की रकम से एक पल्सर बाइक खरीदी, जिसका इस्तेमाल वह करता था। बाकी पैसा जुए, खाने-पीने और मौज-मस्ती में खर्च कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी से बाइक, मोबाइल फोन और कई सिम कार्ड जब्त कर लिए हैं।
पुलिस कर रही है आगे की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी से होने वाले साइबर क्राइम के प्रति लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है।
