बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर तलवार से केक काटकर मचाया हुड़दंग, वीडियो वायरल – 15 गिरफ्तार

बिलासपुर/। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-रतनपुर नेशनल हाईवे पर जन्मदिन सेलिब्रेशन के नाम पर बदमाश युवकों ने जमकर हंगामा किया। तलवार से केक काटने और आतिशबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई और 15 युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें 9 नाबालिग शामिल हैं।

घटना 20 सितंबर की रात रतनपुर थाना क्षेत्र के रानीगांव के पास सर्विस रोड की है। खैरखूंडी गांव के 15 युवक एक्टिवा से घूमने निकले थे। इस दौरान उन्होंने सड़क पर ही एक्टिवा खड़ी कर दी और सीट पर केक रखकर दोस्त “जानू” का जन्मदिन मनाने लगे। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि जानू तलवार से केक काट रहा है, वहीं साथी आतिशबाजी करते और डांस कर रहे हैं। इतना ही नहीं, एक युवक को तलवार थमाकर कंधे पर भी बैठाया गया।

युवकों ने इस पूरे कार्यक्रम का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में एक युवक यह कहते सुना जा सकता है– “भाईचारा इतना बनाए रखा कि शौक नहीं है लुगाई का, क्योंकि आज बर्थडे है जानू भाई का।”

वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने मामले को गंभीरता से लिया और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सीएसपी निमितेश सिंह और रतनपुर पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों को पकड़ा।

गिरफ्तार युवकों में रुपेश कैवर्त्य, कमलेश कुमार सरवन, रितेश नायक, कर्ण सिंह, रणजीत केंवट, अभ्युदय भारद्वाज समेत अन्य शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से एक्टिवा और तलवार जब्त की है। सभी आरोपियों पर आर्म्स एक्ट 25-27 के तहत केस दर्ज किया गया है।