नारायणपुर/बस्तर। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर सोमवार सुबह से पुलिस और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। अबूझमाड़ के जंगल में चली इस कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। दोनों के शव घटनास्थल से बरामद कर लिए गए हैं। बस्तर रेंज आईजी पी. सुंदरराज ने इसकी पुष्टि की है।
जानकारी के मुताबिक, नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों की टीम रवाना हुई थी। इसी दौरान सीमावर्ती जंगल में माओवादियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो नक्सली ढेर हो गए।
मुठभेड़ स्थल से जवानों ने एक AK-47 राइफल, अन्य हथियार, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य, प्रचार-प्रसार सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं जब्त की हैं।
फिलहाल इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है और रुक-रुक कर गोलीबारी हो रही है। सुरक्षा बल सतर्क हैं और आसपास के इलाकों में भी अभियान तेज कर दिया गया है।
