रायपुर में साइबर ठगी: कारोबारी सुबोध सिंघानिया बनकर बैंक असिस्टेंट मैनेजर से 8.70 लाख ट्रांसफर करवाए

रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगों ने हाई वैल्यू कस्टमर कारोबारी का नाम लेकर बैंक की असिस्टेंट मैनेजर को जाल में फंसा लिया। ठगों ने खुद को कारोबारी सुबोध सिंघानिया बताकर बैंक मैनेजर को गुमराह किया और खाते से 8 लाख 70 हजार रुपए ट्रांसफर करवा लिए।

मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है। शिकायत टाटीबंध स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक की असिस्टेंट मैनेजर अमकी मुर्मू ने दर्ज कराई है।

ऐसे हुई ठगी

17 सितंबर को बैंक के मुख्य प्रबंधक मुकेश कुमार ट्रेनिंग के लिए चेन्नई में थे। इसी दौरान उन्हें कॉल आया, कॉलर ने खुद को कारोबारी सुबोध सिंघानिया बताते हुए 2 करोड़ रुपए फिक्स डिपॉजिट कराने की बात कही। ट्रेनिंग में व्यस्त होने के कारण मुख्य प्रबंधक ने कॉल असिस्टेंट मैनेजर को फॉरवर्ड कर दिया।

बातचीत में कॉलर ने बैंक की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई और तत्काल भुगतान का दबाव बनाया। इसी बीच कॉलर ने वॉट्सऐप पर कंपनी लेटर हेड का फर्जी पत्र भेजा, जिसमें अवतार सिंह नामक व्यक्ति के खाते में 8.95 लाख ट्रांसफर करने का निर्देश था। खाते में पर्याप्त राशि न होने पर लेटर संशोधित कर 8.70 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए।

बाद में कॉलर ने और भी खातों की जानकारी मांगी, जिससे असिस्टेंट मैनेजर को संदेह हुआ। उन्होंने कारोबारी की पत्नी से संपर्क किया, तो ठगी का खुलासा हुआ।

पैसे रोकने की कोशिश नाकाम

असिस्टेंट मैनेजर ने तुरंत आरटीजीएस शाखा को ईमेल कर ट्रांजेक्शन रोकने का प्रयास किया, लेकिन राशि बैंक ऑफ इंडिया के खाते में पहुंच चुकी थी।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के चार दिन बाद कारोबारी की ओर से शिकायत दर्ज की गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ठगों के मोबाइल नंबर और बैंक खाते की जानकारी जुटाई जा रही है।