नान घोटाला केस : रिटायर्ड IAS आलोक शुक्ला और अनिल टुटेजा 16 अक्टूबर तक ED रिमांड पर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित नान घोटाले मामले में रिटायर्ड IAS अधिकारी आलोक शुक्ला और अनिल टुटेजा को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 16 अक्टूबर तक कस्टोडियल रिमांड पर ले लिया है। दोनों अधिकारियों से पूछताछ अब दिल्ली स्थित ईडी हेड ऑफिस में की जाएगी।

दोनों आरोपी पिछले पांच दिनों से रायपुर की ईडी कोर्ट में सरेंडर की कोशिश कर रहे थे। सोमवार को तीसरी बार कोर्ट पहुंचे आलोक शुक्ला ने ईडी अधिकारियों की मौजूदगी में सरेंडर किया। इसी दौरान आरोपी अनिल टुटेजा भी कोर्ट पहुंचे। ईडी ने कोर्ट में प्रोडक्शन वारंट का आवेदन लगाया, जिसे स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद दोनों अफसरों को ईडी की कस्टडी में भेजा गया।

सुनवाई के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। कोर्ट परिसर के बाहर सीआरपीएफ जवानों की तैनाती की गई थी।

गौरतलब है कि आलोक शुक्ला ने 18 और 19 सितंबर को भी सरेंडर की कोशिश की थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट का आदेश अपलोड न होने और केस डायरी पेश न किए जाने के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई थी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ही रायपुर की ईडी कोर्ट में सुनवाई संभव हो सकी।

अब ईडी दोनों रिटायर्ड आईएएस अफसरों से नान घोटाले की जांच से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाएगी।