रायपुर में एडमिशन के लिए आए विदेशी छात्र की मौत, अंबेडकर अस्पताल में हुआ निधन

रायपुर । राजधानी रायपुर में पढ़ाई के लिए आए एक विदेशी छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सेनजेलवे सिसोनके निकमबुले (22 वर्ष) के रूप में हुई है, जो साउथ अफ्रीका के एस्वातिनी देश का नागरिक था। युवक रायपुर के एक निजी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने के लिए भारत आया था।

मुंबई एयरपोर्ट पर चोरी हुआ बैग, दवाइयों की थी जरूरत

देवेन्द्र नगर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, निकमबुले कुछ दिन पहले ही भारत पहुंचा था। बताया जा रहा है कि मुंबई एयरपोर्ट पर उसका बैग चोरी हो गया था, जिसमें उसकी दवाइयां और जरूरी सामान थे। युवक किसी गंभीर मानसिक बीमारी से पीड़ित था, जिसके लिए उसे नियमित रूप से दवाइयों की आवश्यकता थी।

यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने एम्बेसी के निर्देश पर कराया भर्ती

रायपुर पहुंचने के बाद निकमबुले ने एक निजी यूनिवर्सिटी में प्रवेश लेने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विदेशी दूतावास को सूचित किया। एम्बेसी के निर्देश पर युवक को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।