रायपुर। बलरामपुर जिले के SDOP याकूब मेमन पर शादीशुदा महिला से रेप कर अश्लील वीडियो बनाने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में रायपुर सत्र न्यायालय ने उन्हें अग्रिम जमानत दे दी है।
मामला रायपुर के टिकरापारा थाने में दर्ज हुआ है। पीड़िता का आरोप है कि याकूब मेमन उसके साथ जबरदस्ती संबंध बनाते थे और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करते थे। महिला का कहना है कि उसने पहले रायपुर पुलिस से शिकायत की, लेकिन FIR दर्ज नहीं हुई। इसके बाद वह बलरामपुर पुलिस और फिर सरगुजा IG के पास गई।
पीड़िता का आरोप
याकूब मेमन रायपुर में जिस मकान में रहते थे, उसमें पीड़िता किराए पर रहती थी।
इसी दौरान उसने महिला से रेप किया और वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया।
महिला का दावा है कि बलरामपुर में पदस्थ रहने के दौरान भी वह वहां जाती थी और लगातार प्रताड़ित होती रही।
याकूब मेमन का पक्ष
SDOP का कहना है कि महिला डेढ़ साल से उनके रायपुर स्थित मकान में पति और बच्चों के साथ रह रही थी।
करीब 9 महीने पहले महिला ने आर्थिक मदद मांगी, जिसके बाद बातचीत शुरू हुई और महिला खुद नजदीक आई।
उनके मुताबिक, महिला ने जानबूझकर अंतरंग वीडियो और स्क्रीनशॉट लिए और फिर पैसों की मांग करते हुए ब्लैकमेल किया।
याकूब ने आरोप लगाया कि महिला अब तक उनसे डेढ़ लाख रुपए ले चुकी है और मकान अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी।
गौरतलब है कि SDOP ने 12 सितंबर को इस मामले में IG को लिखित शिकायत भी दी थी। वहीं, अब कोर्ट से अग्रिम जमानत मिलने के बाद मामले की जांच और सुनवाई आगे बढ़ेगी।
