बलौदाबाजार। कसडोल थाना क्षेत्र के ग्राम मडकड़ा में सरपंच लखनलाल यादव पर ग्रामीणों से अवैध वसूली और धमकाने के आरोप लगे हैं। ग्राम मडकड़ा निवासी किसान बुधराम केंवट (47 वर्ष) ने थाने में लिखित आवेदन देकर सरपंच पर 22 हजार रुपये वसूलने का आरोप लगाया है।
क्या है मामला?
बुधराम ने बताया कि 5 सितंबर को सरपंच ने फोन कर अपने घर बुलाया और कहा कि कसडोल थाने में उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज है। अगले दिन सरपंच, कोटवार और कुछ ग्रामीण सरपंच की स्कॉर्पियो से थाना पहुंचे। यहां सरपंच ने ग्रामीणों को बताया कि उनके खिलाफ पुलिस से मारपीट और तोड़फोड़ का केस दर्ज है। सरपंच ने कहा कि जेल जाने से बचने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को 20-20 हजार रुपये देने होंगे, तभी केस खत्म होगा।
किसने कितना दिया?
डर और दबाव में आकर ग्रामीणों ने मिलकर सरपंच को 22 हजार रुपये दिए।
बुधराम – 3000/-
तोरण यादव – 5000/-
हेमंत केवट – 3000/-
कुनाल केवट – 3000/-
रथराम यादव – 5000/-
घसिया यादव – 3000/-
और भी मांगे पैसे
ग्रामीणों का आरोप है कि दो दिन बाद सरपंच ने बाकी बचे लोगों से भी पैसे की मांग की और धमकी दी कि “पैसा नहीं दोगे तो जिंदगीभर जेल जाना पड़ेगा।”
असलियत क्या निकली?
गांव के अन्य लोगों ने थाने में जानकारी ली तो पता चला कि उनके नाम पर कोई केस दर्ज ही नहीं है। इसके बाद ग्रामीणों को समझ आया कि सरपंच ने झूठा डर दिखाकर उनसे ठगी की है।
पुलिस की कार्रवाई
किसान बुधराम केंवट की शिकायत पर थाना कसडोल पुलिस ने सरपंच लखनलाल यादव के खिलाफ धारा 308(4), 318(4), 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
