फर्जी दवा कंपनी की आड़ में नशीली दवाओं का कारोबार, ट्रेलर ड्राइवर गिरफ्तार

दुर्ग। पुलगांव थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नशीली दवाओं की सप्लाई करने पहुंचे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रायपुर के टाटीबंध निवासी कुलविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो पेशे से ट्रेलर ड्राइवर है। पुलिस ने उसके पास से 480 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम टेबलेट्स, मोबाइल फोन और ट्रेलर जब्त किया है।

रसमड़ा में ग्राहक तलाश रहा था

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी रसमड़ा स्थित भदौरिया पेट्रोल पंप के पास नशीली दवाओं की बिक्री करने वाला है। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से Leeford Health Care Ltd. की 360 नग और ELPJ 0.5 नामक 120 नग अल्प्राजोलम टेबलेट बरामद हुई।

आंध्रप्रदेश से लाया था खेप

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेलर से सामान ढुलाई करता है। हाल ही में आंध्रप्रदेश गया था, जहां से उसने प्रतिबंधित दवाएं खरीदीं और उन्हें दुर्ग लाकर स्थानीय स्तर पर बेचने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस की कार्रवाई

आरोपी के खिलाफ NDPS Act के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब सप्लाई नेटवर्क और दवा कंपनी के नाम का गलत इस्तेमाल करने वालों की जांच में जुटी है।