रायपुर नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी पर फिर संकट, पांच पार्षदों ने दिया संदीप साहू को समर्थन

रायपुर। नगर निगम रायपुर में नेता प्रतिपक्ष को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार को एक बार फिर निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया। कांग्रेस के 8 पार्षदों में से 5 ने संगठन की राय को दरकिनार कर संदीप साहू का समर्थन किया। ऐसे में निगम में फिलहाल आकाश तिवारी नहीं, बल्कि संदीप साहू ही नेता प्रतिपक्ष बने रहेंगे।

पार्षदों ने किया साफ इंकार

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने बताया कि बैठक में एक-एक पार्षद से राय ली गई और लिखित अभिमत भी लिया गया। पार्षदों ने कहा कि संगठन से जो पत्र आया है उसमें सहमति का जिक्र गलत है, क्योंकि उन्होंने आकाश तिवारी के नाम पर सहमति नहीं दी थी।

निर्दलीय चुनाव का मुद्दा उठा

पार्षदों ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस ने आकाश तिवारी को टिकट नहीं दिया था। तब उन्होंने पार्टी के खिलाफ जाकर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा। ऐसे में पार्टी छोड़कर जाने वाले नेता को नेता प्रतिपक्ष नहीं मान सकते। उन्होंने दोहराया कि वे पहले की तरह ही संदीप साहू के समर्थन में हैं।

बैठक में शामिल रहे ये पार्षद

मंगलवार को हुई बैठक में महामाया मंदिर वार्ड पार्षद जयश्री नायक, सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड पार्षद दीप मनीराम साहू, शहीद मनमोहन सिंह बख्शी वार्ड पार्षद रोनिता प्रकाश जगत, वीर सावरकर नगर वार्ड पार्षद संदीप साहू और लाल बहादुर वार्ड पार्षद रेणु जयंत साहू शामिल हुए।

कांग्रेस की उलझन बढ़ी

सभापति ने बताया कि कांग्रेस पार्टी ने पहले संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष घोषित किया था, बाद में प्रदेश कांग्रेस से पत्र आया कि उन्हें नेता प्रतिपक्ष नहीं माना गया है। फिर जिला अध्यक्ष का पत्र आया कि आकाश तिवारी को यह पद दिया गया है। इस उलझन के चलते स्थिति और पेचीदा हो गई है।

फिलहाल संदीप ही नेता प्रतिपक्ष

सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि पांच पार्षदों के अभिमत के बाद फिलहाल संदीप साहू ही नेता प्रतिपक्ष रहेंगे। अंतिम निर्णय जानकारों से चर्चा के बाद ही लिया जाएगा।