दुर्ग। चर्चित गुटखा कारोबारी गुरमुख जुमनानी को राज्य जीएसटी की टीम ने रायपुर से गिरफ्तार किया है। जुमनानी पर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी का आरोप है। वह गनियारी गांव स्थित सितार गुटखा फैक्ट्री का मालिक है।
करीब एक महीने पहले जीएसटी टीम ने उसकी फैक्ट्री और अन्य ठिकानों पर दबिश दी थी, उस दौरान जुमनानी मौके से फरार हो गया था। टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुई थी और आखिरकार रायपुर से उसे गिरफ्तार कर लिया।
गनियारी और राजनांदगांव में दबिश
इससे पहले खाद्य एवं औषधि विभाग ने दुर्ग के कोनारी वार्ड में तेल फैक्ट्री की आड़ में अवैध गुटखा निर्माण का खुलासा किया था। वहां से करोड़ों की सुपारी और एसेंस बरामद हुई थी। इसके बाद जीएसटी ने जांच तेज करते हुए गनियारी और राजनांदगांव स्थित जुमनानी के ठिकानों पर छापेमारी की। गनियारी फैक्ट्री में टीम ने फिल्मी स्टाइल में दीवार फांदकर एंट्री ली थी और लाखों का अवैध स्टॉक बरामद किया था।
व्यवस्थित तरीके से टैक्स चोरी
जांच में सामने आया कि जुमनानी व्यवस्थित तरीके से टैक्स चोरी कर रहा था। बिना बिल के कच्चा माल मंगाया जाता था और गुटखा की सप्लाई भी बिना इनवॉइस की की जा रही थी। शुरुआती अनुमान में 10 करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी का खुलासा हुआ है। अधिकारियों का मानना है कि आगे की जांच में यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
सहयोगियों पर भी गिरेगी गाज
गिरफ्तारी के बाद जुमनानी से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ में उसने कुछ सहयोगियों के नाम बताए हैं। जांच एजेंसियां अब उसके कारोबार से जुड़े अन्य ठिकानों और सहयोगियों पर भी कार्रवाई की तैयारी में हैं।
