रायपुर नगर निगम में कांग्रेस में बगावत, संदीप साहू बने नेता प्रतिपक्ष

रायपुर। नगर निगम रायपुर में कांग्रेस के भीतर सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस के 8 पार्षदों में से 5 ने बगावत करते हुए संदीप साहू को समर्थन दे दिया है। इससे मौजूदा नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी की कुर्सी छिन गई और उनकी जगह संदीप साहू नए नेता प्रतिपक्ष चुन लिए गए।

सभापति ने की पुष्टि

नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौर ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि सभी पार्षदों से रायशुमारी की गई और लिखित अभिमत भी लिया गया। अधिकांश पार्षदों ने कांग्रेस पार्टी के पत्र को नकारते हुए आकाश तिवारी के नाम पर सहमति नहीं दी। इसी आधार पर संदीप साहू को नेता प्रतिपक्ष चुना गया है।

“मुझे ही नेता प्रतिपक्ष माना गया है” – संदीप साहू

नए नेता प्रतिपक्ष संदीप साहू ने कहा कि 5 पार्षदों ने उन्हें समर्थन दिया है और सभापति के फैसले के बाद वही निगम में विपक्ष का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि अब आगे का निर्णय सभापति के अधिकार क्षेत्र में है।

कांग्रेस का पलटवार

इस घटनाक्रम पर कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि PCC चीफ दीपक बैज ने आधिकारिक लेटर हेड पर सभापति को पत्र लिखकर आकाश तिवारी को नेता प्रतिपक्ष बनाने का निर्णय दिया था। ऐसे में सभापति को नेता प्रतिपक्ष बदलने का कोई अधिकार नहीं है। कांग्रेस ने इस मामले में बीजेपी पर स्तरहीन राजनीति करने का आरोप लगाया है।