राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और वर्तमान राजनांदगांव कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे अब केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। केंद्र सरकार ने उन्हें ज्वॉइंट टेक्सटाइल कमिश्नर के पद पर मुंबई में नियुक्त किया है।
डॉ. भुरे ने पिछले साल इस पद के लिए आवेदन किया था, जिस पर 19 सितंबर 2025 को भारत सरकार ने मंजूरी दी। उनकी नई नियुक्ति सेंट्रल मिनिस्ट्री ऑफ टेक्सटाइल डिपार्टमेंट के अधीन होगी। इस संबंध में एडिशनल टेक्सटाइल कमिश्नर अजय पंडित ने राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग को पत्र लिखकर उनके कार्यमुक्त होने का आग्रह किया है।
उन्हें इस पद पर तीन साल का कार्यकाल मिलेगा, जिसे आवश्यकता और प्रदर्शन के आधार पर दो साल के लिए और बढ़ाया जा सकता है।
डॉ. सर्वेश्वर नरेंद्र भुरे 2011 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से महाराष्ट्र के निवासी हैं। वे सितंबर के अंत तक राजनांदगांव से रिलीव होकर मुंबई में नए पद का कार्यभार संभालेंगे।
राजनांदगांव कलेक्टर के रूप में उनके कार्यकाल में जिले में जलग्रहण मिशन सहित कई महत्वपूर्ण योजनाओं का संचालन हुआ। उनके केंद्रीय पद पर जाने के बाद छत्तीसगढ़ प्रशासनिक अमले में फेरबदल की संभावना है।
