बलरामपुर। जिले में लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है। मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा 10 साल के बच्चे को इंजेक्शन लगाए जाने के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह घटना कोतवाली नगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, मृतक बच्चे का नाम अनमोल एक्का (10 वर्ष) है, जो सरस्वती शिशु मंदिर में कक्षा 6वीं का छात्र था और वार्ड क्रमांक 8 में माता-पिता के साथ रहता था। उसके घुटने में घाव हो गया था।
बुधवार शाम पिता जितेंद्र एक्का उसे लेकर शंभू मेडिकल स्टोर पहुंचे। पिता के बताए अनुसार संचालक ने घाव को देखकर बच्चे के पैर में इंजेक्शन लगा दिया। इंजेक्शन लगने के बाद बच्चा घर लौटा, लेकिन कुछ देर में उसकी तबीयत बिगड़ गई।
परिजन उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां आईसीयू में इलाज के दौरान बुधवार रात उसकी मौत हो गई।
घटना से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजन अंबिकापुर से शव लेकर बलरामपुर लौट रहे हैं।
जांच के बाद होगी कार्रवाई – CMHO
बलरामपुर CMHO ने बताया कि मामले की जानकारी अभी तक शिकायत के रूप में नहीं मिली है। शिकायत आने पर जांच की जाएगी और आगे की कार्रवाई होगी। आशंका जताई जा रही है कि इंजेक्शन के रिएक्शन से बच्चे की हालत बिगड़ी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चे को कौन सा इंजेक्शन लगाया गया था।
