बलौदाबाजार। जिले में बाढ़ की मार से एक बार फिर दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। पलारी विकासखंड के छेरकाडीह नाले में तेज बहाव के कारण मृतका टिकेश्वरी निषाद का शव घंटों तक फंसा रहा। महिला की गांव में मौत हुई थी, लेकिन बाढ़ग्रस्त नाले की वजह से शव को ससुराल भवरगढ़ ले जाना संभव नहीं हो पा रहा था।
काफी मशक्कत और लंबा इंतजार करने के बाद ग्रामीणों ने खुद पहल की और टायर-ट्यूब की मदद से शव को नाले के पार कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि हर साल बाढ़ के मौसम में छेरकाडीह नाला उनके लिए अभिशाप बन जाता है। शव यात्रा से लेकर आम आवाजाही तक की स्थिति बिगड़ जाती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द स्थायी पुलिया या वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की है।
