रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने वरिष्ठ IAS अधिकारी विकास शील को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वे प्रदेश के 13वें चीफ सिकरेट्री होंगे। राज्य सरकार ने बुधवार को इसका आदेश जारी कर दिया।
विकास शील को यह जिम्मेदारी पांच सीनियर IAS अधिकारियों को सुपरसीड कर दी गई है। वे मौजूदा मुख्य सचिव अमिताभ जैन का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 सितंबर को समाप्त हो रहा है। उसी दिन शाम को अमिताभ जैन औपचारिक तौर पर विकास शील को पदभार सौंपेंगे।
आमतौर पर नए मुख्य सचिव के ज्वाइनिंग के दिन कोई आधिकारिक बैठक नहीं होती, बल्कि मुख्यमंत्री से औपचारिक मुलाकात के बाद अगले दिन मंत्रालय में अधिकारियों की परिचयात्मक बैठक रखी जाती है।
गौरतलब है कि एक नवंबर 2000 को मध्यप्रदेश से अलग होकर बने छत्तीसगढ़ में अब तक 12 मुख्य सचिव रह चुके हैं। इसमें सबसे पहले अरुण कुमार, उसके बाद एसके मिश्रा, एके विजयवर्गीय, आरपी बगाई, शिवराज सिंह, पी. जॉय उम्मेन, सुनिल कुमार, विवेक ढांड, अजय सिंह, सुनील कुजूर, आरपी मंडल और अमिताभ जैन का नाम शामिल है। अब विकास शील इस सूची में 13वें मुख्य सचिव के रूप में जुड़ गए हैं।
