इलाज में लापरवाही का आरोप: राजधानी के प्राइवेट हॉस्पिटल पर जांच की गाज, पीड़िता को दस्तावेज़ों समेत पेश होने के निर्देश

रायपुर। राजधानी रायपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल पर इलाज में गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। निकिता उपाध्याय नाम की महिला ने अपनी मां सीमा उपाध्याय की मौत को संदिग्ध बताते हुए अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की है।

निकिता के अनुसार, उनकी मां को घुटने के नीचे मामूली इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, लेकिन डॉक्टरों की लापरवाही से उनकी जान चली गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि साधारण ऑर्थो ट्रीटमेंट के बावजूद लगातार तीन-चार दिन तक ऑपरेशन टालते रहे और अचानक सीमा को वेंटिलेटर पर डाल दिया गया। इसके बाद उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने डीडी नगर थाने का घेराव कर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी।

इस बीच, शिकायत पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने रिपोर्ट ली और अब स्वास्थ्य विभाग ने भी मामले को गंभीरता से लिया है। राज्य नोडल एजेंसी, छत्तीसगढ़ ने पीड़ित पक्ष को शुक्रवार को सभी संबंधित दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने के निर्देश दिए हैं।