बिलासपुर में नवरात्रि की धूम, डांडिया नाइट में चमकीं तमन्ना भाटिया… तमन्ना को देखने छत पर चढ़े लोग

बिलासपुर। नवरात्रि पर्व पर बिलासपुर में भक्ति और उत्साह का रंग छाया हुआ है। शहर का माहौल इन दिनों पूरी तरह भक्तिमय है। जगह-जगह माता के दरबार में श्रद्धालु उमड़ रहे हैं तो वहीं गरबा और डांडिया की धुन पर लोग मस्ती में थिरक रहे हैं।

इस बार नवरात्रि पर जिले का सबसे बड़ा पंडाल और 25 फीट ऊंची दुर्गा प्रतिमा आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। प्रदेशभर से लोग इस भव्य प्रतिमा और पंडाल को देखने के लिए पहुंच रहे हैं। वहीं, अरपा तट पर सजाए गए लेजर लाइट शो, मेले, झूले और झांकियां भी लोगों को खूब लुभा रही हैं।

गुरुवार रात साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित जलसा द डांडिया शो में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने शिरकत की। उन्हें देखने के लिए मैदान में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया।

तमन्ना भाटिया ने मंच से “छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया” का नारा लगाकर दर्शकों का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि यह शो उनके लिए हमेशा यादगार रहेगा। एंकर द्वारा जब यह कहा गया कि लोग उन्हें देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे थे, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वह खुद मुंबई से बिलासपुरियंस से मिलने आई हैं और आज उनकी “तमन्ना” पूरी हो गई है।

नवरात्र पर्व की धूम और डांडिया नाइट में लोगों की भीड़ ने यह साबित कर दिया कि बिलासपुर की नवरात्रि पूरे प्रदेश में खास पहचान बना चुकी है।