सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने दुकानों का किया दौरा
जीएसटी बचत उत्सव में ग्राहकों और कारोबारियों ने जताई खुशी
रायपुर। राजधानी रायपुर में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शुक्रवार को विभिन्न दुकानों का दौरा किया और जीएसटी बचत उत्सव के तहत मिलने वाली राहत का जायज़ा लिया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों और ग्राहकों से बातचीत की और सीधे फीडबैक लिया।
सांसद ने मेडिकल शॉप, मोबाइल शॉप, बर्तन की दुकान, सीमेंट की दुकान, किराना स्टोर, सस्ता कपड़ा दुकान, टू-व्हीलर एक्टिवा शोरूम और हुंडई कार शोरूम का दौरा किया।
ग्राहकों की खुशी
एक्टिवा शोरूम में उन्होंने ग्राहक रामलाल को नई एक्टिवा की चाबी सौंपी। रामलाल ने बताया कि बाइक खरीदने पर उन्हें 8,700 रुपए की बचत हुई, जिससे वे बेहद खुश हैं।
जूता-चप्पल की दुकान में खरीदारी करने आईं महिला ग्राहक रुक्मणी ने कहा कि नवरात्रि पर मोदी सरकार की इस पहल से सैंडल पर उन्हें 200 रुपए की राहत मिली।
कारोबारियों की प्रतिक्रिया
बर्तन दुकान मालिक पवन ने कहा कि इस बार नवरात्रि पर पिछले साल की तुलना में 25% बिक्री बढ़ी है।
कॉस्मेटिक्स कारोबारी किशन फैंसी ने बताया कि पावडर और क्रीम जैसे उत्पादों में एमआरपी कम होने से ग्राहकों का रुझान बढ़ा है।
सीमेंट कारोबारी बबला होतवानी ने कहा कि सीमेंट के दाम में 30 रुपए की गिरावट आई है।
वहीं, बेकरी संचालकों का कहना है कि कई आइटम पर टैक्स खत्म होने से उन्हें और ग्राहकों दोनों को बड़ी राहत मिली है।
सांसद अग्रवाल ने कहा कि केंद्र सरकार की यह पहल आम जनता को सीधी राहत देने वाली है और त्योहारों के मौसम में इससे बाजार की रौनक भी बढ़ी है।
