रायपुर के सिलतरा में बड़ा हादसा: स्टील फैक्ट्री में गर्म लोहे की चपेट में आने से 6 मजदूरों की मौत, कई घायल

रायपुर। राजधानी के सिलतरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक निजी स्टील फैक्ट्री में शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। मेंटनेंस के दौरान अचानक गर्म लोहे की भारी सामग्री गिर गई, जिसकी चपेट में आकर 6 कर्मचारियों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 6 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत देवेंद्र नगर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से 2 की हालत नाजुक बताई जा रही है।

सूचना मिलते ही धरसींवा पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और मृतकों के परिजन मौके पर पहुंचकर प्लांट को घेर लिया।

धरसींवा विधायक अनुज शर्मा ने बताया कि हादसा फैक्ट्री में मेंटनेंस कार्य के दौरान हुआ। मृतक और घायल मजदूर छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, बिहार और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों से यहां काम करने आए थे। विधायक ने घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।

घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पुलिस अधिकारी, SDM और TI मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री अभी निर्माणाधीन है।

हादसे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख जताया है और घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेजी से करने के निर्देश दिए गए हैं।