
छत्तीसगढ़ के महासमुंद में दिल दहला देने वाला हत्या का मामला सामने आया है। पत्नी ने अपने प्रेमी और परिजनों के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी थी। इस राज का खुलासा एक साल बाद डीएनए टेस्ट के बाद हुआ। पुलिस ने शुक्रवार को 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे खुला हत्या का राज
29 सितंबर 2024 को घोड़ारी तालाब से एक अज्ञात युवक का शव मिला था। सिर पर चोट के निशान पाए गए थे। शव की पहचान न होने पर उसे दफना दिया गया था। वहीं, 5 जनवरी 2025 को रायपुर के खम्हारडीह थाना में आकाश सिंह नामक युवक की गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज हुई थी। पुलिस ने जांच में पाया कि गुमशुदा आकाश का हुलिया घोड़ारी तालाब में मिले शव से मिलता है। इसके बाद 24 सितंबर 2025 को कब्र खोदकर शव को बाहर निकाला गया और डीएनए टेस्ट कराया गया। रिपोर्ट में शव की पहचान आकाश सिंह के रूप में हुई।
लव स्टोरी बनी मर्डर मिस्ट्री
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक आकाश सिंह ने लवली सिंह से भागकर शादी की थी। लेकिन लवली पहले से ही अपने एक्स बॉयफ्रेंड अभिनव सिंह के साथ 5 साल से लिव-इन रिलेशनशिप में थी। आकाश और अभिनव दोस्त थे, लेकिन लवली और आकाश की नजदीकियां बढ़ीं और अगस्त 2024 में दोनों ने शादी कर ली।
एक्स बॉयफ्रेंड और परिवार को था एतराज
लवली के परिजन और एक्स बॉयफ्रेंड इस शादी से नाराज थे, क्योंकि अभिनव लवली और उसके घर का खर्च उठाता था। 25 सितंबर 2024 को लवली के पिता ने आकाश और लवली को अभिनव के घर बुलाया। वहां विवाद हुआ और आरोप है कि लवली के पिता, भाई गौरव-वीरू और प्रेमी अभिनव ने मिलकर आकाश की हत्या कर दी।
हत्या के बाद छलावा
हत्या के बाद आरोपी शव को स्कूटी में रखकर घोड़ारी तालाब ले गए और फेंक दिया। इसके बाद लवली अपने पिता और भाइयों के साथ यूपी के जालौन भाग गई। हैरानी की बात यह रही कि वह सोशल मीडिया पर आकाश के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट करती रही, ताकि किसी को शक न हो।
गिरफ्तारी
डीएनए रिपोर्ट के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने पूरी साजिश का पर्दाफाश किया और पत्नी लवली, प्रेमी अभिनव, पिता और दोनों भाइयों समेत 5 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
