पीएम मोदी ने रखी IIT भिलाई चरण-बी निर्माण की आधारशिला, छत्तीसगढ़ को मिलेगा पहला रिसर्च पार्क
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार (27 सितंबर) को वर्चुअल माध्यम से आईआईटी भिलाई के चरण-बी निर्माण कार्य की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने आईआईटी पटना, इंदौर, जोधपुर, तिरुपति, पलक्कड़, धारवाड़ और जम्मू के चरण-बी कार्यों का भी शुभारंभ किया।
केंद्र सरकार ने आईआईटी भिलाई के विस्तार के लिए 2,257.55 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इसमें से 1,092 करोड़ रुपए भवन और परिसर निर्माण पर खर्च होंगे। चरण-बी पूरा होने के बाद परिसर का निर्मित क्षेत्र 1,51,343 वर्ग मीटर बढ़ जाएगा। वहीं, छात्र संख्या भी मौजूदा 1,500 से बढ़कर 3,000 तक पहुंच जाएगी।
आईआईटी भिलाई के नए परिसर में अत्याधुनिक इंजीनियरिंग और विज्ञान विभाग, उन्नत प्रयोगशालाएं, आईसीटी सक्षम व्याख्यान कक्ष, प्रोटोटाइप लैब और आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, छात्रों के लिए हॉस्टल, मेस, इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, ओपन एयर थिएटर, क्रिकेट, फुटबॉल और हॉकी मैदान, टेनिस कोर्ट, आवासीय भवन, स्वास्थ्य केंद्र और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स भी बनाए जाएंगे।
इस अवसर पर आईआईटी भिलाई परिसर के नालंदा व्याख्यान कक्ष में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और अहिरवाड़ा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा भी मौजूद रहे।
चरण-बी के तहत 96 करोड़ रुपए की लागत से छत्तीसगढ़ का पहला रिसर्च पार्क भी बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य उद्योग और अकादमिक जगत के बीच सहयोग बढ़ाना और अत्याधुनिक तकनीकी विकास के लिए मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करना है।
