नमक्कल (तमिलनाडु)। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी TVK (तमिलगा वेट्री कज़गम) की रैली में शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। भीड़ में भगदड़ मचने से 20 से अधिक लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। इनमें कई बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री एम. ए. सुब्रमणियन ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
रैली में अभिनेता विजय बड़ी संख्या में जुटी भीड़ को संबोधित कर रहे थे। लेकिन लोगों की भीड़ इतनी बढ़ गई कि हालात बिगड़ने लगे। बताया जा रहा है कि अचानक कई लोग बेहोश होकर गिर पड़े, जिसके बाद भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
स्थिति गंभीर होती देख विजय ने अपना भाषण बीच में रोक दिया। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और अपने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे जरूरतमंदों की मदद करें तथा घायलों को एंबुलेंस तक पहुंचाने में सहयोग करें।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटा है। मृतकों और घायलों के परिजनों को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया गया है।
