दिल्ली पुलिस ने 17 छात्राओं के यौन शोषण के आरोपी स्वामी चैतन्यानंद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की टीम ने आरोपी को रविवार को आगरा से पकड़ा। छात्राओं के गंभीर आरोपों के बाद से चैतन्यानंद फरार चल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट का दरवाज़ा भी खटखटाया था, लेकिन कोर्ट ने उसकी जमानत याचिका यह कहते हुए खारिज कर दी कि आरोप बेहद गंभीर हैं और पुलिस को उससे पूछताछ करना ज़रूरी है।
छात्राओं के आरोप
बीते दिनों दिल्ली के वसंत कुंज स्थित श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट की 17 छात्राओं ने शिकायत दर्ज कराई थी कि स्वामी चैतन्यानंद रात में उन्हें जबरन अपने कमरे में बुलाता और शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालता था। इतना ही नहीं, हॉस्टल के कमरों में सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी आरोप सामने आया है।
धोखाधड़ी और फर्जी नंबर प्लेट का केस
यौन शोषण के अलावा चैतन्यानंद पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने और धर्म का सहारा लेकर धोखाधड़ी करने का भी केस दर्ज किया गया है।
पुराने आरोप भी सामने आए
यह पहला मामला नहीं है। करीब 9 साल पहले भी एक महिला ने चैतन्यानंद पर गंभीर आरोप लगाए थे। उस समय आरोप लगाया गया था कि वह छात्राओं को गंदी नजरों से देखता था, उन्हें बड़े होटलों में बुलाने की कोशिश करता और विदेश में पढ़ाई कराने का लालच देकर अपने साथ जाने के लिए कहता था।
पुलिस की कार्रवाई
छात्राओं की शिकायत के बाद पुलिस लगातार चैतन्यानंद की तलाश में थी। आखिरकार रविवार को आगरा से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
