कोरबा की कोयला खदान से नक्सली गिरफ्तार, मजदूर संगठन के जरिए कर रहा था फंडिंग

कोरबा। छत्तीसगढ़ के औद्योगिक जिला कोरबा से नक्सली नेटवर्क से जुड़ा बड़ा खुलासा हुआ है। स्टेट इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (SIA) ने छापेमार कार्रवाई करते हुए रामा इच्छा नामक नक्सली को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी एसईसीएल की कोयला खदान में मजदूर के रूप में काम करता था और खदान में सक्रिय मजदूर संगठनों के जरिए नक्सलियों को फंडिंग पहुंचाने में मदद करता था।

गिरफ्तारी की खबर सामने आने के बाद कोरबा के कोयला क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी आरोपी के नेटवर्क की पड़ताल में जुट गई हैं।

गौरतलब है कि हाल ही में राजधानी रायपुर से पुलिस ने नक्सली दंपति को गिरफ्तार किया था। उनकी निशानदेही पर जांच एजेंसियों ने शहरी नेटवर्क को खंगालना शुरू किया तो कई चौंकाने वाले खुलासे हुए। अब कोरबा से नक्सली की गिरफ्तारी ने इस बात को पुख्ता कर दिया है कि नक्सली संगठन प्रदेश के शहरी इलाकों में आम लोगों के बीच रहकर संगठन को आर्थिक मदद पहुंचा रहे हैं।

एजेंसियां अब इस बात की तफ्तीश कर रही हैं कि आरोपी रामा इच्छा ने किन-किन मजदूर संगठनों और खदानों के जरिए नक्सलियों को फंडिंग में सहयोग किया।