छत्तीसगढ़ के कांकेर और धमतरी जिलों की सीमा पर स्थित जंगलों में रविवार सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है। अब तक तीन नक्सलियों को ढेर कर दिया गया है। सुरक्षाबलों ने नक्सलियों के शव भी बरामद कर लिए हैं।
कांकेर के पुलिस अधीक्षक (SP) कल्याण एलिसेला ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान और अन्य विवरण जुटाए जा रहे हैं। इलाके में तलाशी अभियान अभी भी जारी है।
घात लगाकर हमला, जवाबी कार्रवाई में मारे गए नक्सली
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को जंगल में नक्सलियों की गतिविधियों की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। जैसे ही जवान कांकेर, धमतरी और ओडिशा की सीमा से लगे जंगलों में पहुंचे, वहां घात लगाए बैठे नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभाला और मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। सूत्रों के अनुसार, जंगल में अब भी कई नक्सलियों के छिपे होने की आशंका है, जिस कारण सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
फायरिंग अब भी जारी, सुरक्षा बल अलर्ट पर
इलाके में रुक-रुक कर फायरिंग की आवाजें अब भी सुनाई दे रही हैं। सुरक्षा बल सतर्कता बरतते हुए क्षेत्र को चारों ओर से घेरकर तलाशी अभियान चला रहे हैं। घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार और नक्सली सामान बरामद होने की भी संभावना जताई जा रही है।
