कनाडा सरकार ने लॉरेंस गैंग को आतंकी संगठन घोषित किया, संपत्ति जब्ती और एंट्री पर रोक का रास्ता साफ

नई दिल्ली/ओटावा। कनाडा सरकार ने भारत के कुख्यात लॉरेंस गैंग को आतंकी संगठन घोषित कर दिया है। यह गैंग न केवल भारत में बल्कि कनाडा में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल था।

कनाडा के पब्लिक सिक्योरिटी मिनिस्टर गैरी अनंदसंगरी ने कहा कि हिंसा और आतंक का कनाडा में कोई स्थान नहीं है, खासतौर पर वे अपराध जो किसी विशेष समुदाय को डर के माहौल में रखने के उद्देश्य से किए जाते हैं। इसी कारण कनाडा सरकार ने लॉरेंस गैंग को अपने क्रिमिनल कोड के तहत आतंकवादी संगठन करार दिया है।

फैसले के बड़े असर

कनाडा में गैंग की किसी भी संपत्ति, वाहन और बैंक खातों को फ्रीज या जब्त किया जा सकेगा।

गैंग को वित्तीय मदद, यात्रा और भर्ती से जुड़े मामलों पर अब एजेंसियां कड़ी कार्रवाई कर सकेंगी।

कोई भी व्यक्ति सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से गैंग को संपत्ति या आर्थिक सहयोग देगा तो यह अपराध माना जाएगा।

गैंग से जुड़े लोगों की कनाडा में एंट्री भी मुश्किल हो जाएगी। इमिग्रेशन और रिफ्यूजी प्रोटेक्शन एक्ट के तहत अधिकारी एंट्री मामलों में इस फैसले को आधार बना सकेंगे।

कनाडा सरकार के इस कदम को भारत की बड़ी कूटनीतिक जीत माना जा रहा है, क्योंकि लंबे समय से लॉरेंस बिश्नोई गैंग की अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों पर शिकंजा कसने की मांग की जा रही थी।