बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में बिल्डर चित्रसेन सिंह के बेटे संस्कार सिंह (20) ने 12 बोर की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मिली जानकारी के मुताबिक संस्कार भोपाल में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था और रविवार रात उसने भारतीय क्रिकेट टीम की जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बधाई संदेश अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। लेकिन सोमवार दोपहर अचानक उसने अपने कमरे में खुद को बंद कर लिया और गर्दन से सटाकर गोली चला दी। गोली जबड़े को चीरती हुई निकल गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
फायरिंग की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़े। दरवाजा तोड़ने पर देखा कि संस्कार खून से लथपथ फर्श पर पड़ा हुआ है। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स भेजा गया है।
संस्कार पूर्व मंत्री अमरजीत भगत के करीबी कांग्रेस नेता अजय सिंह का भतीजा बताया जा रहा है। वह पिछले दो साल से नीट की तैयारी कर रहा था, लेकिन चयन न होने से डिप्रेशन में था। माना जा रहा है कि इसी कारण उसने यह खतरनाक कदम उठाया।
सरकंडा थाने के टीआई नीलेश पांडे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम फोरेंसिक और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट के साथ मौके पर पहुंची। बंदूक जब्त कर ली गई है और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। आत्महत्या की असली वजह की जांच की जा रही है।
