रायपुर के लॉज में इंजीनियरिंग स्टूडेंट की हत्या, नाबालिग गर्लफ्रेंड ने चाकू से गोदा

रायपुर। राजधानी रायपुर से सनसनीखेज मामला सामने आया है। स्टेशन रोड स्थित एवॉन लॉज में नाबालिग गर्लफ्रेंड (16) ने अपने बॉयफ्रेंड की चाकू गोदकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच अफेयर को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान नाबालिग ने बॉयफ्रेंड मोहम्मद सद्दाम (20) पर 5 बार चाकू से वार कर दिया। उसके गर्दन, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें मिली हैं।

हत्या के बाद नाबालिग ने रूम बाहर से बंद किया और चाबी रेलवे ट्रैक पर फेंककर बिलासपुर अपने घर चली गई। वहां पहुंचकर उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन नाबालिग को लेकर कोनी थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

सूचना के आधार पर गंज थाना पुलिस सोमवार शाम एवॉन लॉज पहुंची। लॉज स्टाफ की दूसरी चाबी से रूम खोला गया, जहां सद्दाम का शव औंधे मुंह खून से लथपथ पड़ा था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है और मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है।

मृतक की पहचान और पुलिस जांच
मृतक मोहम्मद सद्दाम बिहार का रहने वाला था और रायपुर के एक कॉलेज में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। जांच में सामने आया है कि 27 और 28 सितंबर को वह नाबालिग के साथ लॉज में ठहरा था। 27 को दोनों साथ बाहर निकले थे, लेकिन 28 को केवल नाबालिग अकेली बाहर आती दिखाई दी।

फिलहाल नाबालिग से पुलिस पूछताछ कर रही है। गंज पुलिस यह भी जांच कर रही है कि नाबालिग लॉज में किस आईडी पर ठहरी थी।