हापुड़। उत्तर प्रदेश के हापुड़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक बेटे पर अपने ही पिता की हत्या कर 39 करोड़ रुपये के बीमा क्लेम का दावा करने का आरोप लगा है। यही नहीं, उस पर अपनी मां और पत्नी को मारकर उनका भी बीमा क्लेम हड़पने का शक है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब बीमा कंपनी के एजेंट को पिता की मौत की कहानी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर शक हुआ। एजेंट की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटे विशाल सिंघल और उसके साथी सतीश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पिता की मौत और 39 करोड़ का क्लेम
जानकारी के मुताबिक, मेरठ गंगानगर निवासी फोटोग्राफर मुकेश सिंघल की 27 मार्च 2024 को कथित सड़क हादसे में मौत दिखाई गई थी। बेटे विशाल ने बताया था कि पिता गढ़ गंगा से लौटते वक्त अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद उसने आठ से ज्यादा बीमा कंपनियों में 39 करोड़ रुपये के एक्सीडेंटल क्लेम के लिए आवेदन कर दिया।
लेकिन जब निवा बूपा हेल्थ इंश्योरेंस समेत अन्य कंपनियों ने जांच की, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दुर्घटना नहीं बल्कि सदमा बताया गया। साथ ही, विशाल की सालाना आय मात्र 12-15 लाख रुपये थी, जबकि करोड़ों के बीमा कराए गए थे। कई दस्तावेज भी फर्जी पाए गए।
मां और पत्नी की मौत पर भी उठा शक
जांच में यह भी सामने आया कि विशाल ने अपनी मां प्रभा देवी की मौत (2017) को भी दुर्घटनावश बताते हुए बीमा कंपनियों से 80 लाख रुपये का क्लेम लिया था। इसके अलावा, पत्नी की मौत के बाद भी उसे 30 लाख रुपये का बीमा क्लेम मिला था। आशंका जताई जा रही है कि इन दोनों मौतों में भी उसने साजिश रचकर बीमा कंपनियों को धोखा दिया।
पुलिस की कार्रवाई
एएसपी हापुड़ ने बताया कि शिकायत के बाद विशाल सिंघल और उसके साथी सतीश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। जो तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
