भाजपा के वरिष्ठ नेता विजय कुमार मल्होत्रा का 93 वर्ष की उम्र में निधन, दिल्ली की राजनीति में अपूरणीय क्षति

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली की राजनीति के मजबूत स्तंभ विजय कुमार मल्होत्रा का मंगलवार सुबह निधन हो गया। 93 वर्षीय मल्होत्रा पिछले कुछ दिनों से दिल्ली एम्स में भर्ती थे, जहां उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

मल्होत्रा का राजनीतिक करियर लगभग 45 वर्षों तक फैला रहा। वे दिल्ली से पांच बार सांसद और दो बार विधायक चुने गए। 1980 में वे भाजपा के पहले प्रदेश अध्यक्ष बने। वर्ष 1999 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार और पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को दक्षिण दिल्ली से हराकर चर्चा बटोरी थी।

2004 के आम चुनावों में वे दिल्ली की सात सीटों में से भाजपा के अकेले विजेता बने थे। इसके बाद 2008 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पार्टी ने मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया, हालांकि कांग्रेस ने उस चुनाव में सत्ता बरकरार रखी। इसके बावजूद मल्होत्रा ने नेता प्रतिपक्ष के तौर पर दिल्ली विधानसभा में भाजपा का अस्तित्व बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई।

उनके निधन की खबर से भाजपा सहित पूरे राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की।