कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे अस्पताल में भर्ती, तेज बुखार और पैर दर्द की शिकायत

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तबीयत बिगड़ने के चलते उन्हें मंगलवार रात बेंगलुरु के एम. एस. रमैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। 83 वर्षीय वरिष्ठ नेता को तेज बुखार और पैर में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।

कांग्रेस पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने जानकारी देते हुए बताया कि “खरगे जी की हालत स्थिर है और डॉक्टरों की देखरेख में हैं। चिंता की कोई बात नहीं है। उनकी देखभाल की जा रही है और वह जल्द ही स्वस्थ हो जाएंगे।”

सूत्रों के अनुसार, खरगे को मंगलवार शाम से ही तेज बुखार था, और बाद में पैर में दर्द की भी शिकायत हुई। स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी। वर्तमान में उनकी चिकित्सकीय निगरानी की जा रही है।

गौरतलब है कि मल्लिकार्जुन खरगे देश के प्रमुख विपक्षी नेताओं में से एक हैं और हाल ही में कई राजनीतिक बैठकों और कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से हिस्सा लेते नजर आए थे।

कांग्रेस पार्टी और उनके समर्थकों ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। अस्पताल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है, लेकिन पार्टी सूत्रों ने बताया कि उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।