जांजगीर-चांपा में 7 युवकों ने महिला से गैंगरेप, 24 घंटे में सभी आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां 7 युवकों ने मिलकर एक 30 वर्षीय महिला से गैंगरेप किया। आरोपियों ने महिला को घर छोड़ने का बहाना बनाकर सुनसान जगह ले जाकर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के बाद 24 घंटे के भीतर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला चांपा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला मंदिर परिसर में रहती है और दूसरों के घरों में घरेलू काम करके गुजर-बसर करती है। 28-29 सितंबर की दरमियानी रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच वह मंदिर परिसर लौट रही थी। इसी दौरान 3 बाइक पर सवार 7 युवकों ने उसे घर छोड़ने का झांसा दिया। महिला को बाइक में बैठाकर आरोपी गांव के बाहर बाजार चबूतरा के पास सुनसान जगह ले गए, जहां सभी ने बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया।

दरअसल, वारदात वाली रात सभी युवक एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से अपने-अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने महिला को अकेले देखा और उसे निशाना बना लिया।

CCTV से हुई पहचान
घटना के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह पीड़िता चांपा थाने पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के CCTV कैमरों की जांच की, जिसमें 3 बाइक पर बैठे 7 युवक कैद नजर आए। CCTV फुटेज से उनकी पहचान कर पुलिस ने सभी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।