रायपुर: शराब के नशे में धुत कांस्टेबल ने मजदूर से छीने 2 हजार, वीडियो वायरल

रायपुर। राजधानी में एक शराबी पुलिसकर्मी की करतूत सामने आई है। गंज थाना क्षेत्र के फाफाडीह शराब भट्टी के पास ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल पर आरोप है कि उसने जांच के बहाने मजदूर युवक को रोका और उसकी जेब से 2 हजार रुपए निकाल लिए। जब मजदूर ने पैसे लौटाने की मांग की, तो पुलिसकर्मी ने देने से साफ मना कर दिया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और राहगीरों ने नशे में धुत पुलिसकर्मी को घेर लिया। इस दौरान वहां जमकर हंगामा हुआ और लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि मजदूरी कर घर लौट रहे कुछ युवक कांस्टेबल की दबंगई का शिकार हुए। आरोप है कि कांस्टेबल पूरी तरह शराब के नशे में था और मजदूरों की जेब टटोलते हुए उनके पैसों पर हाथ साफ कर लिया।

मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अफसरों का कहना है कि वीडियो की जांच की जा रही है और दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।