सीईओ जिला पंचायत ने ग्राम सभा में सहभागिता की नशा मुक्ति की दिलाई शपथ

सीईओ जिला पंचायत श्री शाश्वत सिंह मीना ने 2 अक्टूबर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर ग्राम पंचायत खड़देवरा और ग्राम पंचायत पदमी के ग्राम कुड़वान में आयोजित विशेष ग्रामसभा में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने यहां उपस्थित ग्रामीणों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान जनपद पंचायत मंडला के पीसीओ श्री राजाराम मरावी, एपीओ श्री अनुपम दुबे, स्थानीय सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

ग्राम सभा में विभिन्न योजनाओं पर हुई चर्चा
सीईओ जिला पंचायत श्री मीना ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए कहा कि दशहरा मिलन समारोह प्रत्येक ग्राम सभा स्थल पर आयोजित किया जाना है। उन्होंने ग्रामसभा में  किसान कल्याण एवं कृषि विभाग द्वारा संचालित सोयाबीन हेतु भावांतर योजना, वन अधिकार अधिनियम 2006, पीएम जनमन, धरतीआबा जनजाति ग्राम उत्कर्ष अभियान और आदि सेवा पर्व के अंतर्गत तैयार विलेज विजन 2030 और ग्राम कार्य आयोजना को अंतिम रूप देने तथा जल गंगा संवर्धन एवं अमृत सरोवर 2.0 और स्वच्छ भारत मिशन स्वास्थ्य योजनाएँ आदि के संबंध में भी विस्तृत जानकारी दी।

 

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मंत्री श्रीमती उइके ने किया माल्यार्पण
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर और सेवा पखवाड़ा अभियान के समापन कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को गांधी मैदान मंडला में किया गया। इस अवसर पर लोक स्वास्थ्य मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री अखिलेश कछवाहा, श्रीमती अनीता तिवारी, श्रीमती मनीषा तिवारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।दशहरा पर्व की मंत्री श्रीमती उइके ने नागरिकों को शुभकामनाएँ दीं और यहाँ उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता और नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत और नशामुक्त समाज ही हमारी ताक़त है। मंत्री श्रीमती उइके ने सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत बेहतर काम करने पर नगर पालिका के सुपरवाइजर श्री पुष्पेंद्र पांडेय को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

विजयदशमी पर पुलिस लाइन में मंत्री श्रीमति उइके ने किया शस्त्र पूजन
विजयदशमी पर्व के अवसर पर गुरुवार को पुलिस लाइन मंडला में शस्त्र पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की मंत्री विशेष रूप से उपस्थित हुईं और उन्होंने परंपरागत विधि-विधान से शस्त्र पूजन कर विजयदशमी की शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्री संजय सिंह कुशराम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री विनोद कछवाहा, श्री प्रफुल्ल मिश्रा, डॉ. अशोक मर्सकोले, श्री शैलेश मिश्रा, श्रीमती अनिता तिवारी, श्री विनय मिश्रा, श्री रानू राजपूत, श्री सचिन शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री रजत सकलेचा, एडिशनल एसपी श्री शिवकुमार वर्मा, एसडीओपी श्री पीयूष मिश्रा, थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग का अमला शामिल रहा। मंत्री श्रीमती उइके ने कहा कि शस्त्र पूजन हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा का प्रतीक है। यह केवल शक्ति की आराधना नहीं, बल्कि जनसेवा और सुरक्षा के संकल्प का भी प्रतीक है। उन्होंने पुलिस बल के समर्पण और अनुशासन की सराहना करते हुए उन्हें विजयदशमी की शुभकामनाएँ दीं।

अस्पृश्यता निवारण शिविर में पहुँचे सांसद श्री कुलस्ते
अस्पृश्यता मिटाकर सामाजिक समरसता कायम करने पर दिया जोर

महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया विकासखंड निवास में आयोजित अस्पृश्यता सद्भावना निवारण शिविर का आयोजन सांसद श्री फग्गन सिंह कुलस्ते की विशेष मौजूदगी में हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद श्री कुलस्ते ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के विचार आज भी समाज में आपसी भाईचारे, सद्भावना और समरसता की भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आपसी भेदभाव से दूर रहते हुए मानवता के लिए काम करने की जरूरत है। मानव सेवा सबसे बड़ी सेवा है। सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए शिक्षा का विकास बेहद आवश्यक है। शिक्षा के माध्यम से ही जागरूकता आएगी और समाज में सकारात्मक सुधार संभव हो सकेगा। उन्होंने सभी से गांधी जी के आदर्शों को अपनाने और समाज में भेदभाव मिटाकर समानता स्थापित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत उन्होंने स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ सहभोज कर सामाजिक समानता और सौहार्द का संदेश दिया।कार्यक्रम में स्थानीय विधायक श्री चैन सिंह वरकड़े, जनपद अध्यक्ष श्रीमती मंजू रानी कुलस्ते, जनपद उपाध्यक्ष श्री घनश्याम सूर्यवंशी, सरंपच श्रीमती विमला मरावी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, एसडीएम श्री सीएल वर्मा, आदिम जाति कल्याण विभाग सहायक आयुक्त श्रीमती वंदना गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ और नागरिक उपस्थित रहे।सद्भावना शिविर में विद्यार्थियों के द्वारा अस्पृश्यता निवारण हेतु भाषण एवं निबंध प्रतियोगिता में भाग लिया गया। प्रतियोगिता के दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।
गांधी जयंती के अवसर पर विशेष ग्रामसभा का आयोजन
  2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर में ग्राम पंचायत पडरिया, भीमा विकासखंड बिछिया में विशेष ग्राम सभा आयोजन किया गया। जिसमें ग्राम पंचायत के विकास के लिए 5 वर्ष के लिए कार्ययोजना तैयार की गई। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से कार्यपालन यंत्री श्री मनोज भास्कर ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामसभा में ग्राम पंचायत सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पेसा मोबलाइजर, ग्राम पंच, कोटवार एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
बरबसपुर में आयोजित विशेष ग्राम सभा में पहुँचे कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा
पंचायत एवं ग्राम स्वराज अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत दो अक्टूबर को जिले की ग्राम सभाओं में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इसी क्रम में बरबसपुर में आयोजित विशेष ग्राम सभा में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा शामिल हुए। इस अवसर पर ग्रामीणों के साथ चर्चा करते हुए कलेक्टर श्री मिश्रा ने शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्राम सभा लोकतंत्र की सबसे मजबूत कड़ी है, जहाँ विकास संबंधी निर्णय सीधे जनता की भागीदारी से लिए जाते हैं। कलेक्टर ने ग्रामवासियों से चर्चा करते हुए बताया कि ग्राम स्तर पर आदि सेवा पर्व और विलेज विज़न 2030 तैयार किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत ग्रामीणों की आवश्यकताओं और सुझावों के आधार पर आने वाले वर्षों की विकास रूपरेखा बनाई जाएगी। ग्राम का समग्र विकास तभी संभव है जब प्रत्येक नागरिक अपनी सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना, सुराज अभियान, सूर्य उदय मुफ्त बिजली योजना, मनरेगा कार्य, स्कूल शिक्षा, जल संरक्षण, स्वच्छता और नशा मुक्ति जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में एसडीएम श्रीमती सोनल सिडाम, एसीईओ श्री विनोद मरावी, बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
आदि कर्मयोगी अभियान
“आदि सेवा पर्व” अंतर्गत विशेष ग्राम सभा का आयोजन
ग्राम सभाओं में हुआ विलेज एक्शन प्लान 2030 का अनुमोदन

आज जिले में सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ज़िले से प्रत्येक ग्राम सभा के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए। विशेष ग्राम सभा में ग्राम के लोग, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, एसएचजी, सीएसओ उपस्थित हुए। ग्राम सभा में शासन द्वारा निर्धारित एजेंडे पर चर्चा की गई जिसमें मुख्य रूप से आदि कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत विलेज एक्शन प्लान 2030 जो की ग्राम के आदि साथी और आदि सहयोगी की मदद से ग्राम भ्रमण कर तैयार किया गया है उसका अनुमोदन किया है। अब ग्राम का विकास कैसे हो, इसका निर्णय भी ग्रामवासियों के द्वारा किया जा रहा है। आदि कर्मयोगी अभियान में ग्राम में आधारभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने के साथ शासन की सभी व्यक्ति मूलक योजना का लाभ हर पात्र व्यक्ति को दिलाया जाने का लक्ष्य है और इस दिशा में ज़िला प्रशासन के मार्गदर्शन में सभी विभाग कार्य कर रहे हैं।