अमित शाह आज छत्तीसगढ़ दौरे पर, कल होंगे बस्तर दशहरा में शामिल – बीजापुर में 103 नक्सलियों ने किया सरेंडर

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार रात 2 दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच रहे हैं। शनिवार (4 अक्टूबर) को वे जगदलपुर में आयोजित विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा में शामिल होंगे। शाह के आगमन को लेकर राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर तक बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

इधर, शाह के बस्तर दौरे से ठीक 2 दिन पहले नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले में 103 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। इनमें से 49 नक्सलियों पर कुल 1 करोड़ 6 लाख 30 हजार रुपए का इनाम घोषित था।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलियों को चेतावनी देते हुए कहा था कि – “जो नक्सली सरेंडर करेंगे, उनका रेड कार्पेट पर स्वागत होगा, लेकिन गोली का जवाब गोली से दिया जाएगा।”

बीजेपी इसे शाह की नीतियों की बड़ी सफलता के तौर पर देख रही है। वहीं सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि इतनी बड़ी संख्या में नक्सलियों का आत्मसमर्पण बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद को कमजोर करने में अहम साबित होगा।