भिलाई में शेयर मार्केट निवेश के नाम पर 7 करोड़ की ठगी, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

भिलाई। स्मृति नगर थाना सुपेला पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड सोमेन्द्र पाटिल (28) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह के अन्य सदस्य पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ चुके थे।

भिलाई नगर सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि सेक्टर-6 निवासी सोमेन्द्र पाटिल ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर निवेशकों से लगभग 7 करोड़ रुपए की ठगी की। पुलिस ने आरोपी के पास से 38 लाख रुपए की महिंद्रा कार (CG 07 CY 9080) और करीब 40 लाख रुपए का गूगल फोन जब्त किया है।

20-40% मुनाफे का लालच देकर फंसाया

शिकायतकर्ता करण शर्मा के अनुसार, उसने और उसके साथियों ने निशा बिजनेस कंसलटेंट प्रा. लि. और यूनिक इन्वेस्टमेंट सॉल्यूशन में निवेश किया था। आरोपियों ने 20-40% मुनाफा और एक साल में राशि दोगुनी करने का लालच देकर निवेशकों को फंसाया।

इस मामले में पहले ही स्नेहांशु नामदेव, उसकी पत्नी डाली नामदेव, निशा मानिकपुरी, धातरी कोसरे और शुभम गुप्ता को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है। उनसे पूछताछ और मिले सबूतों के आधार पर पाटिल को पकड़ा गया।

30% कमीशन खुद रखता था आरोपी

जांच में सामने आया कि सोमेन्द्र पाटिल निवेशकों से मिली रकम का लगभग 30% कमीशन अपने पास रखता था और बाकी रकम मुख्य आरोपियों को देता था। अकेले पाटिल ही करीब 4.50 करोड़ रुपए हड़प चुका था।

सीएसपी तिवारी ने बताया कि ठगी की रकम का बड़ा हिस्सा आरोपी ने चल-अचल संपत्ति में निवेश किया था। जब्त की गई कार और मोबाइल भी इसी ठगी के पैसे से खरीदे गए थे। फिलहाल पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए जांच जारी रखे हुए है।