रायपुर में पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर नजरबंद, धरने से पहले पुलिस ने रोका

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृहमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता ननकीराम कंवर को रायपुर पुलिस ने शनिवार को नजरबंद कर दिया। कंवर सीएम हाउस के बाहर भ्रष्टाचार के मुद्दे पर धरना देने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस अधिकारियों ने उन्हें एम्स के पास रोक लिया।

जानकारी के मुताबिक, वे गेट कूदकर बाहर निकलने की कोशिश करते रहे। इस दौरान उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि अगर यही रवैया रहा तो अगली बार भाजपा की सरकार नहीं बनेगी। कंवर ने दावा किया कि जनता का मूड बदल रहा है और अगली बार भाजपा को 15 सीट से ज्यादा नहीं मिलेंगी।

कोरबा कलेक्टर हटाने की मांग

दरअसल, ननकीराम कंवर ने भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने की मांग की थी। उन्होंने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि 4 अक्टूबर तक कार्रवाई नहीं हुई तो वे रायपुर में धरना देंगे। इसी सिलसिले में वे शुक्रवार देर शाम रायपुर पहुंचे थे और जिला प्रशासन को धरने की सूचना भी दी थी। शनिवार सुबह 10:30 बजे से धरना शुरू होना था, लेकिन पुलिस ने उन्हें होटल से निकलते ही रोक लिया।

शासन ने मांगी जांच रिपोर्ट

इधर, इस मामले में राज्य शासन ने कंवर के शिकायती पत्र पर संज्ञान लिया है। शासन ने बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन से जांच प्रतिवेदन मांगा है। हालांकि, जैन ने मीडिया से कहा कि उन्हें अभी तक शासन की ओर से लिखित आदेश नहीं मिला है। आदेश मिलते ही वे जांच कर रिपोर्ट सौंप देंगे।